भाजपा जमशेदपुर महानगर की महत्वपूर्ण बैठक में संगठन विस्तार एवं कार्यकर्ता प्रशिक्षण को लेकर बनी रणनीति
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन (मानस सभागार) में भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर द्वारा आगामी “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान” की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण तथा राष्ट्रहित के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कार्यक्रम को सफल, प्रभावी एवं व्यापक बनाने हेतु विभिन्न विषयों पर रणनीति तैयार की गई। कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, सेवा भावना तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय सिद्धांतों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही राष्ट्र सर्वोपरि के भाव को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया गया।
बैठक में भाजपा झारखंड प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का एकात्म मानववाद भारतीय जनता पार्टी की मूल आत्मा है। यह प्रशिक्षण महाअभियान संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा तथा कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से और अधिक सशक्त बनाएगा। राष्ट्रसेवा, संगठन विस्तार एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने के संकल्प को यह अभियान और अधिक मजबूती देगा। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ निरंतर जनसेवा के कार्यों में समर्पित भाव से जुटा हुआ है।

