दोनों आरोपियों से गोलमुरी पुलिस ने बरामद किये हथियार
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत रामदेव बगान पर अपनी पत्नी को गोली मारकर घायल करने के मामले में फरार चल रहे करण सिंह को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया था। करण के पास से पुलिस ने एक हथियार भी बरामद किया था। वहीं गोलमुरी पुलिस ने डीएम फ्लैट निवासी सन्नी चौधरी को भी हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। सन्नी ने सोमवार देर शाम डीएस फ्लैट के पास हवाई फायरिंग की थी। पुलिस ने सन्नी के पास भी हथियार बरामद किया है।
मंगलवार को जानकारी देते हुए थाना प्रभारी बी एन सिंह ने बताया कि 9 अप्रैल को करण सिंह ने अपनी पत्नी अमनदीप कौर उर्फ कोमल से विवाद के बाद उस पर फायरिंग कर दी थी। गोली कोमल के पैर में लगी थी। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह अपने घर आया हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा सन्नी चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।