फतेह लाइव, रिपोर्टर.
झारखंड के लातेहार जिले में बरकाकाना–बरवाडीह रेलखंड पर मालगाड़ी की चपेट में हाथियों का एक झुंड आ गया। इस हादसे में एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद पूरे झुंड ने रेलवे ट्रैक को घेर लिया। हाथियों की मौजूदगी के कारण इस सेक्शन पर रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया है।
घटना निंद्रा और महुआ मिलान स्टेशनों के बीच रेलवे पोल संख्या 173 के पास की है। बताया जाता है कि इस इलाके में जंगली हाथियों का झुंड अक्सर विचरण करता रहता है। सोमवार देर रात हाथियों का झुंड रेलवे लाइन पार कर रहा था, तभी वहां से गुजर रही एक मालगाड़ी की चपेट में एक हाथी आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी गंभीर रूप से घायल होकर ट्रैक पर ही बैठ गया।
घायल हाथी के पास झुंड के अन्य हाथी जमा हो गए और ट्रैक को घेर लिया, जिससे ट्रेन परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। वन विभाग के अधिकारी हाथी के इलाज और झुंड को सुरक्षित तरीके से हटाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

