चेतावनी में पूर्वी सिंहभूम के अलावा खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिले भी शामिल
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची मौसम केंद्र ने मंगलवार दोपहर जमशेदपुर समेत पूर्वी सिंहभूम जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले एक से तीन घंटे के भीतर जिले के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी में पूर्वी सिंहभूम के अलावा खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिलों को भी शामिल किया गया है। जमशेदपुर शहर और आसपास के इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण नहीं लेने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। किसानों से भी कहा गया है कि मौसम सामान्य होने तक खेतों में जाने से बचें।
मौसम विभाग ने लोगों से आधिकारिक मौसम अपडेट पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।










