फतेह लाइव, रिपोर्टर.
धनबाद स्थित बीआईटी सिंदरी के धातुकर्म अभियांत्रिकी विभाग द्वारा आयोजित छह सप्ताह का पॉलिटेक्निक डिप्लोमा, और राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय विद्यार्थियों का समर इंटर्नशिप कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न पॉलिटेक्निक संस्थानों से आए विद्यार्थियों ने भाग लिया। इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को धातुकर्म अभियांत्रिकी के विभिन्न क्षेत्रों, आधुनिक प्रयोगशालाओं तथा औद्योगिक उपयोग से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
समापन समारोह की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार रजक ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक ज्ञान एवं तकनीकी कौशल प्रदान करते हैं, जिससे उनके रोजगार एवं उच्च शिक्षा के अवसर बेहतर होते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को अर्जित ज्ञान का सदुपयोग कर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर विभाग के डॉ. एस. हेम्ब्रोम, प्रो. कीर्ति माधवी, प्रो. इजहार हुसैन एवं डॉ. सुमित कुमार शर्मा उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों के अनुभव साझा किए तथा उन्हें निरंतर सीखने, नवाचार अपनाने और धातुकर्म अभियांत्रिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को इंटर्नशिप पूर्णता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए उत्कृष्ट प्रशिक्षण, प्रयोगशाला सुविधाओं एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान एवं व्यावहारिक दक्षता के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।










