सर्वोदय समिति की तैयारी बैठक में कार्ययोजना पर मंथन, आमंत्रण पत्र का हुआ लोकार्पण
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
सर्वोदय समिति, जमशेदपुर के तत्वावधान में आगामी 13 सितंबर 2026 को अपराह्न 3:30 बजे बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले ‘साझी शहादत-साझी विरासत’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को धातकीडीह स्थित एशियन इन होटल में समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सर्वोदय समिति के अध्यक्ष रियाजउद्दीन खान ने की। इस दौरान कार्यक्रम की कार्ययोजना, लोगों की भागीदारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों को जोड़ने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
सर्वोदय समिति के अध्यक्ष रियाजउद्दीन खान और महासचिव मनोज कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य देश की गंगा-जमुनी तहजीब, साझा संस्कृति, सामाजिक समरसता और भाईचारे की परंपरा को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास इस बात का गवाह है कि देश की आजादी से लेकर स्वतंत्र भारत के निर्माण तक हर धर्म, संप्रदाय, वर्ग और समुदाय के लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। देश की आजादी के लिए अनगिनत लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी। यही साझा संघर्ष और साझा विरासत भारत की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में नफरत, विद्वेष और विभाजन की भावना पैदा करने के प्रयासों के बीच लोगों को अपने साझा इतिहास और गौरवशाली विरासत से परिचित कराना जरूरी है। ‘साझी शहादत-साझी विरासत’ इसी उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, ताकि सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी विश्वास को और मजबूत किया जा सके।
कई दिग्गज नेता और सामाजिक प्रतिनिधि होंगे शामिल
कार्यक्रम में देश और प्रदेश के कई वरिष्ठ राजनीतिक, सामाजिक, श्रमिक एवं जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य सह सांसद तारिक अनवर, पूर्व सांसद आनंद मोहन, कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य सह हरियाणा पीसीसी के पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू एवं राजेश ठाकुर, उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पूर्व सदस्य दीपक सिंह, झारखंड के विधायक कुमार जय मंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह, झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं।
इसके अलावा ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह, झारखंड मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, झारखंड इंटक के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता, इंडियन नेशनल मेटल वर्क्स फेडरेशन के महासचिव रघुनाथ पांडेय, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव प्रसाद उर्फ टुन्नु चौधरी, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महासचिव आर.के. सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, प्रदेश महासचिव रवींद्र कुमार झा उर्फ नट्टू झा, विजय खान, विजय यादव, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह और पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी सहित अनेक गणमान्य लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी गई।
बैनर-पोस्टर और जनभागीदारी पर जोर
समीक्षा बैठक में सेमिनार में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आमंत्रण पत्र देकर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह करने का निर्णय लिया गया।
शहर के विभिन्न हिस्सों में बैनर और पोस्टर के माध्यम से कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कार्यक्रम के लिए कोष की तैयारी सहित कई अन्य गंभीर मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर ‘साझी शहादत-साझी विरासत’ कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का लोकार्पण भी किया गया। बैठक में महेन्द्र मिश्र, राणा सिंह, प्रिंस सिंह, रईस रिजवी छब्बन, विजय यादव, अवधेश सिंह, उदय कुमार सिंह, बिजेंद्र तिवारी, बबलू नौशाद, अमरनाथ चौबे, राकेश साहू, किशोर प्रभात, गुलाम सरवर, मोहम्मद रिजवान, कमल नयन सिंह, बृज किशोर प्रसाद, बिजेंद्र शर्मा, आशीष ठाकुर, सुल्तान अहमद सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।



































