फतेह लाइव, रिपोर्टर।
राजधानी रांची में कार्यरत दैनिक भास्कर के विशेष संवाददाता नितिन चौधरी का दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया. वे पिछले कुछ महीनों से ब्लड कैंसर से पीड़ित थे. कल देर रात उन्होंने दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली. उनके असामयिक निधन से मीडिया जगत और उनके सहयोगियों में शोक की लहर है.
कुछ माह पहले ही हुआ था बीमारी का खुलासा
कुछ महीने पहले ही नितिन चौधरी की तबीयत बिगड़ने पर जांच कराई गई, जिसमें उन्हें ब्लड कैंसर होने की पुष्टि हुई. बीमारी का पता चलते ही उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत दिल्ली ले जाया गया था. दिल्ली के एक प्रतिष्ठित अस्पताल में उनका लगातार इलाज चल रहा था और डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए थी. हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका और कल देर रात उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया.
विनम्र और खुशमिजाज व्यक्तित्व के धनी थे नितिन
मूल रूप से बिहार के रहने वाले नितिन चौधरी पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते थे. दैनिक भास्कर में विशेष संवाददाता के रूप में सेवाएं दे रहे थे. पत्रकार नितिन चौधरी ने रेलवे, कोर्ट समेत अन्य बीटों पर बेहतरीन काम किया था. पत्रकार नितिन चौधरी एक बेहद ईमानदार, विनम्र, कर्मठ और खुशमिजाज व्यक्ति थे. कठिन परिस्थितियों में भी उनके चेहरे पर हमेशा रहने वाली मुस्कान और सहकर्मियों के प्रति उनका सहयोगात्मक रवैया उनकी सबसे बड़ी खासियत थी.
पत्रकारिता जगत में शोक
पत्रकार नितिन चौधरी के आकस्मिक निधन पर रांची के पत्रकार संगठनों में गहरा शोक है. मीडिया बिरादरी का कहना है कि नितिन का इस तरह चले जाना पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है. सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है.
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने जताया शोक
नितिन चौधरी के निधन पर भारत सरकार में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि नितिन सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक उम्दा व्यक्तित्व थे. हर किसी की मदद करने वाले और हर किसी की जरूरत में खड़े रहने वाले नितिन का अचानक चले जाना एकदम वज्रपात जैसी खबर है. संजय सेठ ने कहा कि नई दिल्ली में उपचार और वहां से लौटने के बाद वे लगातार नितिन के संपर्क में रहे. आज सुबह मिली इस हृदय विदारक सूचना ने उन्हें झकझोर दिया है. उन्होंने ईश्वर से नितिन की आत्मा को शांति प्रदान करने और उनके परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की.



































