मानगो गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं स्त्री सत्संग सभा के संयुक्त तत्वावधान में होगा भव्य धार्मिक समागम
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश पर्व आगामी 13 सितंबर 2026 को मानगो स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मानगो गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं स्त्री सत्संग सभा के संयुक्त तत्वावधान में विशेष धार्मिक समागम का आयोजन किया गया है।

आयोजन के दौरान सुबह से धार्मिक दीवान सजेंगे, जिसमें अरदास, शबद-कीर्तन एवं गुरबाणी विचारों का आयोजन होगा। विभिन्न रागी जत्थे और धार्मिक प्रचारक संगत को गुरु साहिब के उपदेशों एवं इतिहास से अवगत कराएंगे। विशेष प्रचारक वरिंदर पाल सिंह गुरबाणी कथा से संगत को गुरु घर से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे अरदास के साथ शुरू होगा। इससे पूर्व सहज पाठ का भोग पड़ेगा। इसके बाद स्त्री सत्संग सभा की बीबियों द्वारा कीर्तन किया जाएगा। वहीं, भाई हरपाल सिंह जी हजूरी रागी कीर्तन कर संगत को निहाल करेंगे। विशेष धार्मिक दीवान का आयोजन दोपहर तक जारी रहेगा।
सुबह 9 बजे से रक्तदान शिविर
कमेटी के महासचिव जसवंत सिंह जस्सू ने बताया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर मानव सेवा को समर्पित रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। यह शिविर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। आयोजन समिति ने संगत एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है।
गुरु का अटूट लंगर रहेगा जारी
धार्मिक समागम में शामिल होने वाली संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर भी निरंतर जारी रहेगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर प्रकाश पर्व की खुशियां साझा करने और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।


































