अमरप्रीत सिंह काले ने विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर माँ दुर्गा का लिया आशीर्वाद
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता एवं समाजसेवी अमरप्रीत सिंह काले ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों एवं दुर्गा पूजा महोत्सवों में शामिल होकर माँ दुर्गा के चरणों में माथा टेका और समस्त जमशेदपुरवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

इस क्रम में स्लैग रोड स्थित नेहरू कॉलोनी विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित चतुर्थ भव्य एवं भक्तिमय माता जागरण में शामिल होकर माँ अम्बे का आशीर्वाद प्राप्त किया।वहीं, बारीडीह स्थित लंबा मैदान में ओल्ड बारीडीह दुर्गा व काली पूजा कमेटी द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल के उद्घाटन समारोह में भी शामिल हुए।

इस अवसर पर अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक है। यह पर्व हमें शक्ति, भक्ति, सद्भाव और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करने के साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजने का कार्य करते हैं।

उन्होंने माँ जगदंबा से प्रार्थना की कि उनकी कृपा समस्त विश्व पर सदैव बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली का वास हो। अमरप्रीत सिंह काले ने सभी आयोजन समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भव्य, सुव्यवस्थित और भक्तिमय आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।


































