प्रगति योजना के तहत डिप्लोमा पूरा करने वाले पात्र तकनीशियनों को उत्थान प्रमोशन योजना से जोड़ने पर सहमति
चार वर्षीय डिप्लोमा पूरा करने वालों को मिलेगा लागू इंक्रीमेंट
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के टाटा मोटर्स में कर्मचारियों के कौशल विकास और करियर में तरक्की को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रबंधन की पहल के तहत प्रशिक्षण पूरा करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया। गुरुवार को आयोजित समारोह में प्रगति स्कीम तथा चार वर्षीय डिप्लोमा कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मान दिया गया। इस पहल से कर्मचारियों के लिए आगे बढ़ने के अवसरों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
समारोह में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय, जीएम किरण नरेंद्र, गुलाम मंडल, ज्योतिरमय दास सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने कर्मचारियों की तकनीकी और शैक्षणिक योग्यता बढ़ाने की दिशा में प्रबंधन की पहल की सराहना की। यूनियन के अनुसार, बोनस वार्ता के दौरान कर्मचारियों को करियर में आगे बढ़ने के अवसर देने और उनकी उपलब्धियों को मान्यता देने की जरूरत पर जोर दिया गया था। इसके बाद कर्मचारियों की योग्यता और कौशल विकास को प्रोत्साहित करने के लिए यह पहल की गई।
यूनियन और प्रबंधन के बीच बनी सहमति के अनुसार, प्रगति योजना के तहत डिप्लोमा कार्यक्रम पूरा करने वाले पात्र तकनीशियनों को उत्थान प्रमोशन योजना के अंतर्गत लाभ दिया जाएगा। वहीं, चार वर्षीय डिप्लोमा कार्यक्रम पूरा करने वाले कर्मचारियों को नियमानुसार लागू वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) का लाभ मिलेगा।
समारोह को संबोधित करते हुए महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि कर्मचारियों में निरंतर सीखने, कौशल विकसित करने और करियर में आगे बढ़ने की भावना को प्रोत्साहित करना सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि यूनियन कौशल विकास, करियर में तरक्की, सुरक्षित कार्यस्थल और कर्मचारियों के बेहतर कल्याण के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रबंधन के साथ सकारात्मक सहयोग जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि इस तरह की पहल से अन्य कर्मचारी भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने तकनीकी कौशल को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रेरित होंगे। इसका लाभ कर्मचारियों के साथ-साथ प्रबंधन को भी मिलेगा कार्यक्रम में प्रबंधन के वरीय पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। यूनियन ने योजना के तहत सम्मानित सभी पात्र कर्मचारियों को बधाई दी।


































