घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन और बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने किया उद्घाटन
20 फीट ऊंची मां राजराजेश्वरी की प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित टुईलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव के भव्य पंडाल का उद्घाटन घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन और बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। वर्ष 1934 से चली आ रही पूजा की परंपरा इस वर्ष भी धार्मिक आस्था और आकर्षक सजावट के साथ आगे बढ़ रही है। पंडाल में प्लास्टिक की बोतल, प्लेट, कटोरी, चम्मच और ग्लास जैसी उपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक इस्तेमाल किया गया है। वहीं, 20 फीट ऊंची मां राजराजेश्वरी की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी है।

पश्चिम बंगाल से आए कारीगरों ने प्लास्टिक की विभिन्न वस्तुओं से पंडाल तैयार किया है। इसके माध्यम से रचनात्मकता के साथ वस्तुओं के पुनः उपयोग का संदेश देने का प्रयास किया गया है। ओडिशा के कारीगरों ने मां दुर्गा की राजराजेश्वरी स्वरूप की भव्य प्रतिमा का निर्माण किया है। चांदीपुर की विद्युत सजावट और पूजा परिसर में लगा मेला भी श्रद्धालुओं, खासकर बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र है।

विधायकों ने दीं दुर्गापूजा की शुभकामनाएं
उद्घाटन समारोह में विधायक सोमेश सोरेन ने कमिटी के पदाधिकारियों, सदस्यों और क्षेत्रवासियों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा आस्था, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कमिटी के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता की कामना की।
बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने भी शहरवासियों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1934 से चली आ रही पूजा की परंपरा क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सपरिवार पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने की अपील की।
1934 से कायम है पूजा की परंपरा
कमिटी के मुख्य संरक्षक राजू गिरी ने कहा कि टुईलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी की पूजा वर्ष 1934 से निरंतर श्रद्धा और परंपरा के साथ आयोजित होती आ रही है। इस आयोजन को वर्षों से आगे बढ़ाने में स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और कमिटी के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने शहरवासियों से सपरिवार पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन करने की अपील की।
कमिटी के महासचिव दिनेश कुमार ने बताया कि यहां पूर्व में गोवा के शांता दुर्गा मंदिर और देवघर के प्रसिद्ध नौलखा मंदिर सहित विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक पंडाल बनाए जा चुके हैं। इस वर्ष प्लास्टिक की उपयोगी वस्तुओं से पंडाल तैयार कर रचनात्मकता और पुनः उपयोग का संदेश देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को पूजा पंडाल में आने का आमंत्रण दिया।
वर्षों से धार्मिक सेवा कर रहे पुरोहित सम्मानित
समारोह के दौरान लंबे समय से पूजा-अर्चना और धार्मिक सेवा में योगदान देने वाले पंडित प्रदीप्त कुमार दास, पंडित निरंजन रथ और कृष्णा साहू को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कमिटी ने उनके सेवा-समर्पण के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कमिटी के अध्यक्ष मिथिलेश सिंह यादव ने की। मंच संचालन महासचिव दिनेश कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लाइसेंसी किशोर कुमार राजा ने प्रस्तुत किया।इस अवसर पर मोहन कर्मकार, महावीर मुर्मू, अभिषेक सिंह, सतबीर सिंह, सोनू सिंह, डॉ. संजय गिरी और डिबर पूर्ति सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
पूजा आयोजन को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष श्रीनू राव, लाइसेंसी किशोर कुमार राजा, उपाध्यक्ष प्रशांत गिरी, रंजीत गुप्ता, अजय कुमार, सतीश कुमार, राज कुमार सिंह, अमोद सिंह, सुनील कुमार चौधरी, बलकार सिंह, जितेंद्र साहू सहित कमिटी के अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कमिटी ने सभी श्रद्धालुओं और शहरवासियों को सपरिवार पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए आमंत्रित किया है।


































