फतेह लाइव, रिपोर्टर.
दुर्गा पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने आम लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने पंडाल भ्रमण के दौरान बच्चों की सुरक्षा, कीमती सामान की देखभाल, अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की सलाह दी है।
पुलिस की अपील के अनुसार, पूजा पंडालों में घूमने के दौरान यथासंभव निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करें। अभिभावक बच्चों की जेब में एक पर्ची रखें, जिस पर बच्चे के साथ अभिभावक का नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज हो, ताकि बिछड़ने की स्थिति में परिवार से संपर्क किया जा सके।
संदिग्ध वस्तु दिखे तो पुलिस को दें सूचना
पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूजा पंडालों में कीमती सामान और आभूषण पहनकर जाने से परहेज करने की सलाह दी है। यदि कोई बच्चा, बुजुर्ग या महिला भटका हुआ मिले, तो उसे पूजा पंडाल तक पहुंचाने या इसकी सूचना डायल 112 पर देने की अपील की गई है।
किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और उसे आगे नहीं फैलाने को कहा गया है। वहीं, संदिग्ध व्यक्ति, बैग, खिलौने या वाहन की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस अधिकारी अथवा पुलिसकर्मी को सूचित करने की सलाह दी गई है। लोगों से संदिग्ध वस्तुओं को नहीं छूने और उनसे दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
वाहनों की सुरक्षा और यातायात नियमों पर जोर
पंडाल भ्रमण के दौरान वाहन चोरी की घटनाओं से बचाव के लिए पुलिस ने डबल लॉक या अतिरिक्त लॉक का इस्तेमाल करने तथा वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखने की अपील की है। आग लगने की स्थिति में भगदड़ नहीं मचाने, शांत रहने और निर्धारित मार्ग से बाहर नहीं निकलने की सलाह भी दी गई है।
इन नंबरों पर करें संपर्क
पुलिस के अनुसार, किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर सूचना दी जा सकती है। जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर 0657-2431030 और 9508280796 जारी किया गया है। इसके अलावा पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) के लिए 9431706486, सहायक नंबर 9771824005 और 7979775791 तथा जोहार चैटबॉट का नंबर 9471167577 भी साझा किया गया है।
जमशेदपुर पुलिस ने लोगों से असामाजिक, अनैतिक और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने तथा सीसीटीवी निगरानी को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी से त्योहार मनाने की अपील की है।
फतेह लाइव, रिपोर्टर।


































