फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर में सिख नौजवान सभा सरजामदा के प्रधान जगप्रीत सिंह जेडी की दादी माता अमर कौर का 102 वर्ष की लंबी और गौरवशाली आयु में सोमवार रात 12.15 बजे निधन हो गया। उन्होंने अपने निवास स्थान पर अंतिम सांस ली। उनके निधन से पूरे क्षेत्र और समाज में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
माता अमर कौर ने अपने जीवन के 102 वर्षों में कई पीढ़ियों को संस्कारित किया। वे अपने पीछे एक हंसता-खेलता और भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनका जीवन सादगी, धार्मिक निष्ठा और समाज के प्रति सेवा का एक जीवंत उदाहरण था।
उनके बड़े पुत्र परमजीत सिंह सरजामदा गुरुद्वारा के चेयरमैन, बहू सरबजीत कौर, स्त्री सत्संग सभा की प्रधान और पोता जगप्रीत सिंह जेडी नौजवान सभा सरजामदा के प्रधान हैं। माता जी के दो छोटे पुत्र हरजिंदर सिंह जिन्दा एवं दलजीत सिंह भी है।
माता जी का अंतिम संस्कार मंगलवार, 20 अक्टूबर को भुईयांडीह स्वर्णरेखा बर्निंग घाट में किया गया। अंतिम यात्रा उनके सरजामदा गुरुद्वारा साहिब के नजदीक स्थित निवास स्थान से प्रस्थान हुई, जिसके बाद स्थानीय श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय संगत शामिल हुई और शोकाकुल परिवार को दुख की घड़ी में सांत्वना दी।
इस दुख की घड़ी में सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह, चेयरमैन दमनप्रीत सिंह, आग़ाज़ के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह, अमनजोत सिंह, सुखदेव सिंह, मलविंदर सिंह समेत विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने माता अमर कौर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को यह असह्य दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।


































