फतेह लाइव, रिपोर्टर.
चतरा और हजारीबाग पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना कुख्यात अपराधी उत्तम यादव शनिवार को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। यह घटना चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा-जबड़ा रोड पर हुई, जहां पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई थी।
हजारीबाग एसटीएफ को मिली थी गुप्त सूचना
हजारीबाग एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तम यादव इस इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम जब बगरा-जबड़ा रोड के पास पहुंची तो उत्तम यादव ने जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
कई जिलों में आतंक का पर्याय बना हुआ था
जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए उस पर गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत चतरा सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिछले एक साल से उत्तम यादव चतरा, हजारीबाग और आसपास के कई जिलों में आतंक का पर्याय बना हुआ था।
उसके खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वह लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा था और पुलिस को खुली चुनौती दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई थी। इस मुठभेड़ के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।



