राजीव रंजन सिंह चुने गये प्रेसिडेंट, सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे विजय कुमार वर्मा
चुनाव प्रक्रिया से लेकर आचार संहिता उल्लंघन तक आरओ की भूमिका पर उठे सवाल
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
सरायकेला जिला के आदित्यपुर की आदित्या सिंडिकेट रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के लिए पहली बार हो रहे मतदान में महिलाओं ने दमखम दिखाते हुए भारी प्रतिशत के साथ जीत दर्ज की और सोसाइटी के विकास में कंधा से कंधा मिलाकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया. इस चुनाव में टीम परिवर्तन के राजीव रंजन सिंह तो अध्यक्ष पद पर काबिज होने में सफल रहे लेकिन सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष का पद हाथ से निकल गया. तीनों पदों पर विरोधी पक्ष का कब्जा हो गया.
रविवार 15 मार्च 2026 काे हुए मतदान के रिजल्ट में एक्जीक्यूटिव मेंबर के 11 सदस्यों में पांच सीट टीम परिवर्तन जबकि छह सीट विपक्षी खेमे के पाले में गयी. इसमें महिलाओं का दमखम भी नजर आया. ब्लॉक 2 की शोभा सिंह के नाम सर्वाधित मतों के अंतर से चुनाव जीतने का रिकार्ड भी बना. मंगलवार की शाम आरओ बालकरण सिंह ने विजेताओं को प्रमाणपत्र दिया. इस मौके निवर्तमान सचिव डीसी झा, संयुक्त सचिव एके पांडेय और अजय कुमार राय के अलावा साेसाइटी के लोगों ने उपस्थिति दर्ज कराकर नई टीम का हौसला बढ़ाया.
दरअसल, आदित्या सिंडिकेट रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन का 17 साल में पहली बार हो रहा यह चुनाव शुरू से ही विवादों के साये में रहा. मामला चुनाव अधिसूचना जारी करने से जुड़ी प्रक्रिया का हो अथवा आरओ-एआरओ के चयन और अधिसूचना जारी होने के बाद एआरओ बदलने का, चुनाव के दौरान हर प्रक्रिया सवालों के घेरे में रही. आचार संहिता उल्लंघन के कुछ मामलों को लेकर तो लोग आरओ की भूमिका पर सवाल उठाते नजर आये. उनका कहना था चुनाव प्रक्रिया में ऐसे कई मामले सामने आये जहां आरओ की भूमिका निष्पक्ष नजर नहीं आयी.
टीम परिवर्तन के कुछ लोगों ने बताया कि 14 मार्च 2026 को उनके दो सदस्यों को आरओ ने वोटिंग राइट यह कहकर नहीं दिया गया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद ऐसा करना मान्य नहीं है जबकि दूसरे ही दिन मतदान से ठीक पहले 15 मार्च 2026 को एक दर्जन से अधिक लोगों को आर्थराइजेशन देकर मतदान कराया गया. जो चुनाव परिणाम में बड़े बदलाव और आक्रोश का कारण बना. अब इसकी जांच की मांग उठायी जा रही है. इस मामले में आरओ का पक्ष नहीं मिल सका है.
न कोई जीता न कोई हारा, मिलकर सोसाइटी का विकास करेंगे : राजीव रंजन
चुनाव में ‘टीम परिवर्तन’ का नारा लगाकर जीत कर आये अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस चुनाव में न कोई जीता है न कोई हारा है. हम मिलकर सोसाइटी के विकास के लिए काम करेंगे. कॉलोनी के विकास से ही हमारी जीत सुनिश्चित होगी. सभी को एक साथ मिलकर काम करने की जरूरत है.
नई कार्यकारिणी पर एक नजर
- प्रेसिडेंट : राजीव रंजन सिंह
- सचिव : विजय कुमार वर्मा
- संयुक्त सचिव : अखिलेंद्र कुमार ठाकुर
- कोषाध्यक्ष : प्रीति चर्तुवेदी
एक्जीक्यूटिव मेंबर
ब्लॉक 1
- धनंजय कुमार मिश्रा
- समृद्ध नाथ तिवारी
ब्लॉक 2
- शोभा सिंह
- उत्तम कुमार होरे
ब्लॉक 3
- मधुमाला झा
- सीबी श्रीवास्तव
- शैलेश प्रसाद
ब्लॉक 4
- रश्मि शर्मा
- रीना चौधरी
डूप्लेक्स/बंगलो
- मनोज कुमार सिंह
- ज्ञान प्रकाश ओझा

