फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर के साकची स्थित कब्रिस्तान के पास क्वार्टर नंबर एच6/98 के किचन में रविवार दोपहर गैस लीकेज से आग लग गई. आग की लपटों ने धीरे धीरे पूरे घर को अपने कब्जे में लेना शुरू कर दिया. घर में मौजूद सकरिन बानो और उनकी सास एम जहान जान बचाकर पड़ोसी के पास भागे. घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई.

सूचना पाकर झारखंड अग्निशमन विभाग से एक और टाटा स्टील से एक दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास में लग गई. लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. एम जहान ने बताया कि उन्होंने गैस पर खाना चढ़ाया और बहू को देखने को कहा. बहू खाना बना रही थी. इतने में ही गैस सिलेंडर से आग निकलने लगी.

आग निकलता देख बहू भागते हुए आई. इसके बाद घर के सभी लोग बाहर की ओर भागे. आग से किचन के अलावा घर में रखा अलमीरा और फ्रिज भी जलकर खाक हो गया. वहीं पलंग के नीचे बिल्ली के दो बच्चे भी थे, जिसकी मौत हो गई. वहीं एक पालतू बिल्ला भी झुलस गया, जिसे इलाज के लिया पास ही जानवरों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version