फतेह लाइव, रिपोर्टर.
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से सोमवार शाम दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला एक निजी चार्टर एयर एंबुलेंस लापता हो गया है। विमान ने शाम करीब 7:00 बजे रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और इसे रात 8:30 बजे के आसपास दिल्ली पहुंचना था। प्राप्त जानकारी के अनुसार चार्टर एयर एंबुलेंस में कुल पांच लोग सवार थे। उड़ान भरने के कुछ देर बाद अचानक मौसम खराब हो गया। खराब मौसम के कारण विमान से संपर्क टूटने की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक विमान के लातेहार और पलामू के बीच लापता होने की खबर है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं। विमान से संपर्क स्थापित करने का प्रयास जारी है। फिलहाल इस घटना को लेकर अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। घटना के बाद संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है।

