फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के टेल्को घोड़ाबांधा में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राशनकार्ड लाभुकों ने राशन डीलर के खिलाफ जमकर हंगामा किया. लाभुकों का आरोप है कि राशन डीलर अभिमन्यु कुमार सिंह अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन देने से मना कर देता है. इस बात से नाराज लाभुकों ने दुकान को बंद करवा दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
लाभुकों का कहना है कि यह स्थिति कोई नई नहीं है, बल्कि बीते दो से तीन महीनों से लगातार यही रवैया अपनाया जा रहा है. आरोप है कि डीलर पहले बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवा लेता है, लेकिन बाद में राशन देने से इनकार कर देता है. इसके अलावा जब कभी राशन दिया भी जाता है, तो निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जाता है, जबकि राशन कार्ड और मशीन में पूरी मात्रा की एंट्री कर दी जाती है.
मौके पर मौजूद लाभुक रंजन गोराई ने बताया कि वह नवंबर माह से राशन लेने के लिए बार-बार दुकान का चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक उसे राशन नहीं दिया गया. रंजन का आरोप है कि डीलर ने मशीन पर उसका अंगूठा लगवाया और कार्ड में एंट्री भी कर दी, लेकिन वास्तविक रूप से उसे राशन नहीं मिला. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए.
लाभुकों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है. उनका कहना है कि इस तरह की गड़बड़ियों से गरीब परिवारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. लाभुकों ने मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर दोषी डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें नियमित व पूरा राशन उपलब्ध कराया जाए.


