• अजय नाथ झा ने समाहरणालय के सभी तलों व विभागों का लिया जायजा, कार्यालयों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए

फतेह लाइव, रिपोर्टर

बोकारो जिले के उपायुक्त अजय नाथ झा ने 12 जून को समाहरणालय के विभिन्न कार्यालयों, शाखाओं तथा आसपास के विभागों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने समाहरणालय के प्रथम तल पर स्थित गोपनीय कार्यालय, डीसीएलआर, डीटीओ, डीएमएफटी पीएमयू सेल, राजस्व पीएमयू सेल, डीडीएमओ, एडीडीएस, खेल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता कक्ष तथा दूसरे तल पर उप निर्वाचन पदाधिकारी कक्ष, राजस्व शाखा, कल्याण शाखा, भू अर्जन पदाधिकारी कक्ष, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कक्ष, विधि शाखा, और निचले तल के उप विकास आयुक्त कार्यालय, डीआरडीए शाखा, निदेशक डीआरडीए कक्ष, जिला पंचायती राज पदाधिकारी कार्यालय सहित नजारत कार्यालय और पंचायती राज कार्यालय का विस्तार से निरीक्षण किया. इसके अतिरिक्त समाहरणालय के समीप स्थित एमवीआई कक्ष, जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, उद्योग कार्यालय, झारनेट, पलाश मार्ट आदि का भी जायजा लिया गया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालयों की मरम्मत, रंग-रोगन, दस्तावेजों का व्यवस्थित भंडारण और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए.

इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला मुख्य चौक स्थित मोबाइल दुकान से 90 मोबाइल और ₹50000 नगद चोरी

समाहरणालय कार्यालयों में सुधार हेतु उपायुक्त का बड़ा कदम

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कार्यालयों में बेहतर ऑफिस कल्चर बनाने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कार्यालयों को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के साथ-साथ उचित रोशनी, पंखे और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए. इस संदर्भ में उन्होंने विशेष कार्य पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता तथा नजारत उप समाहर्ता को कार्यवाही के लिए जिम्मेदार बनाया. उन्होंने समाहरणालय परिसर में सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया और हाइजीन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसी को सख्त निर्देश दिए. पुरुष एवं महिला शौचालयों में सफाई कर्मियों की नियुक्ति करने की भी उन्होंने बात कही. उपायुक्त ने कार्यालयों के विद्युत तारों को सुव्यवस्थित करने, प्रत्येक फ्लोर पर एमसीबी का अधिष्ठापन करने तथा दिव्यांग सुविधा केंद्र को शुरू करने के निर्देश भी दिए. चालक एवं गार्ड के लिए रेस्ट रूम की व्यवस्था को भी मजबूत बनाने के लिए प्राक्कलन तैयार करने को कहा गया.

इसे भी पढ़ें : AajKaRashifal : 13 जून 2025 राशिफल, जानिए किसका दिन रहेगा शानदार

बेहतर ऑफिस कल्चर के लिए उपायुक्त ने दिए जरूरी निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने समाहरणालय परिसर की पार्किंग व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने पर बल दिया. उन्होंने अधिकारियों और आम जनता के वाहनों के लिए अलग-अलग चिन्हित पार्किंग स्थल बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने उद्योग विभाग और झारनेट के कांफ्रेंस हॉल में गंदगी और तारों के जंजाल को देखकर नाराजगी जताई. झारनेट प्रभारी और कार्यपालक अभियंता को सर्वर रूम की सफाई व व्यवस्था सुधारने, तथा कांफ्रेंस हॉल को सुव्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने साफ-सफाई को गंभीरता से लेने को कहा और सभी विभागों के वरीय पदाधिकारियों एवं कार्यालय प्रधानों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया. मौके पर जिला स्तरीय सभी पदाधिकारी और विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version