फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत लेबर ब्यूरो के पास सोमवार दोपहर टाइगर मोबाइल के जवानों ने एक नाबालिग को गोलियों के साथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 10 जिंदा गोलियां बरामद की गईं। कार्रवाई के बाद जवानों ने आरोपी नाबालिग को टेल्को थाना पुलिस के हवाले कर दिया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग बाइक पर सवार होकर लेबर ब्यूरो इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान वहां गश्त कर रहे टाइगर मोबाइल के जवानों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। शक के आधार पर जवानों ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से गोलियां बरामद होने पर पुलिस भी सतर्क हो गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नाबालिग के पास गोलियां कहां से आईं और उसका क्या उद्देश्य था।
