पत्रकार संगठनों को 20 सालों से मिल रही तारीख पर तारीख

फतेह लाइव, रिपोर्टर.

ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. संगठन की प्रमुख मांगों में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना, पेंशन, स्वास्थ्य व दुर्घटना बीमा,प्रेस क्लब व पत्रकार आयोग का गठन जैसी एक दर्जन मूलभूत सुविधाएं शामिल हैं जो पिछले 15 वर्षों से लंबित हैं. इन मुद्दों को लेकर संगठन लंबे समय से आंदोलनरत और संघर्षरत है.

इसी क्रम में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया ने झारखंड सरकार के मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री इरफान अंसारी और विधायक उदय शंकर सिंह से संपर्क कर अपनी मांगों को रखा है. उन्होंने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह एवं स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से उनके आवास पर मुलाकात कर उन्हें पुनः एक मांग पत्र सौंपा, जिस पर जवाब मिला है कि मुख्यमंत्री जल्द ही इस पर कोई ठोस निर्णय लेंगे.

साथ ही गोड्डा जिले के महागामा में आयोजित होने वाले आगामी प्रमंडलीय पत्रकार महासम्मेलन के लिए भी दीपिका पांडेय सिंह को ऐसोसिएशन द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया. इस सम्मेलन में गोड्डा, देवघर, पाकुड़, साहिबगंज और दुमका जिलों के पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल होंगे, जहां वे कार्यशाला के माध्यम से अपनी भविष्य की रणनीति और विचारधारा पर चर्चा करेंगे.

मंत्री व विधायक से पत्रकार सम्मान सुरक्षा योजना पर लंबी चर्चा भी हुई, जिस पर प्रदेश उपाध्यक्ष अभय पलीवार, प्रदेश प्रवक्ता अवधेश सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यम जयसवाल, सरायकेला-खरसावां जिले के सचिव विद्युत महतो और गोड्डा जिला उपाध्यक्ष दीपक कुमार ने भी अपने विचार रखे.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version