फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में एक युवक ने प्रेम संबंध का नाटक रचकर युवती को अपने जाल में फंसा लिया. इस दौरान उसने युवती की अश्लील तस्वीरें भी ले लीं और बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम की मांग करने लगा. जब युवती ने पैसे देने से इंकार कर दिया, तो आरोपी ने 18 अक्टूबर को फोटो वायरल कर दिया.
मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंचते ही एमजीएम थाना की टीम हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार युवक की पहचान मानगो थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी दानिस अंसारी के रूप में हुई है. वहीं, उसका एक अन्य साथी नासिश अंसारी पुलिस की पकड़ से अभी फरार बताया जा रहा है.
सूत्रों के अनुसार, फोटो वायरल करने के बाद भी आरोपी युवती को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और उससे और पैसे की मांग कर रहा था. परेशान होकर पीड़िता ने पूरी घटना की शिकायत एमजीएम थाना में दर्ज कराई. पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर दानिस अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है.
एमजीएम थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि इस तरह के अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
