फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (AISMJWA) दुमका जिला इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, निष्पक्ष कार्य वातावरण तथा पत्रकार कल्याण से संबंधित मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों का दायित्व जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और आम लोगों की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाना है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि पत्रकारों के साथ होने वाली दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पत्रकार हित से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाए। साथ ही पत्रकारों के लिए कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई।

ज्ञापन सौंपने वालों में AISMJWA के जिला अध्यक्ष निजामुद्दीन अंसारी, जिला महासचिव शुभंकर नंदन, जिला सचिव वीरू कुमार दास, दीपू भंडारी सहित संगठन के सदस्य भीम मंडल, नसीम अंसारी, मोहम्मद जुलकर अंसारी,अभिषेक सिंह, ओम कुमार, मुन्ना पंडित, मारूफ हसन, आनंद कुमार, चंदन यादव, मुचुकांत किस्कू, रमेश कुमार एवं अन्य सदस्य शामिल थे।

इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करने का संकल्प भी दोहराया।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version