फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के लुआबासा स्थित स्वर्णरेखा नदी पर बने जर्जर पुल को लेकर मंगलवार को स्थानीय भाजपा नेताओं ने जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस दौरान पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। नेताओं ने विभाग पर “कुंभकर्णी नींद” में सोए रहने का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता अंकित आनंद ने पुल की स्थिति को अत्यंत खतरनाक बताते हुए कहा कि, यह पुलिया अब यमराज के समान हो गई है, जो कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे सकती है। लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इस पर आवागमन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सोमवार को पथ निर्माण विभाग के सचिव, कार्यपालक अभियंता एवं जिला उपायुक्त को ईमेल पत्र लिखकर अविलंब संज्ञान लेने का आग्रह किया गया है।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर पुल की मरम्मत नहीं कराई गई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उपायुक्त को चुनौती देते हुए कहा गया कि वे स्वयं दोपहिया वाहन से पुल का निरीक्षण करें, वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इस प्रदर्शन में अंकित आनंद, आशीष पाल, गुणाधार गोप, स्वाधीन बैनर्जी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।



