पूर्णिमा साहू ने मंत्री सुदिव्य सोनू से की दूरभाष पर वार्ता, पीएम आवास आवंटन में तेजी लाने की रखी मांग

फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिरसानगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों के आवंटन में हो रही देरी एवं बैंक लोन संबंधी समस्याओं को लेकर लाभुकों ने गुरुवार को विधायक पूर्णिमा साहू से उनके एग्रिको स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान लाभुकों ने गृह प्रवेश में लगातार हो रही देरी, बैंक लोन स्वीकृति में आ रही बाधाओं तथा किश्त जमा करने में हो रही परेशानियों से विधायक को अवगत कराते हुए हस्तक्षेप की मांग की। लाभुकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने उनके समक्ष ही नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से दूरभाष पर वार्ता की। बातचीत के दौरान विधायक साहू ने मंत्री से आग्रह किया कि जिन आवास ब्लॉकों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उनका शीघ्र आवंटन सुनिश्चित किया जाए, ताकि चयनित लाभुकों को जल्द से जल्द अपने घर का अधिकार मिल सके।

इसके साथ ही, विधायक ने योजना से जुड़ी अन्य व्यावहारिक समस्याओं की भी जानकारी मंत्री को दी और उनके त्वरित समाधान की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवार लंबे समय से अपने आशियाने का इंतजार कर रहे हैं, ऐसे में सरकार को इस दिशा में संवेदनशीलता के साथ शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।

वहीं, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने विधायक को आश्वस्त करते हुए कहा कि योजना से संबंधित सभी आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर पात्र लाभुकों को शीघ्र ही घर की चाबी सौंप दी जाएगी।

इधर, विधायक पूर्णिमा साहू ने जमशेदपुर अक्षेस के उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार से भी लाभुकों को बैंक लोन की प्रक्रिया में आ रही कठिनाइयों के समाधान को लेकर चर्चा की। इस पर उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार ने भरोसा दिलाया कि जमशेदपुर अक्षेस लाभुकों को बैंक लोन की प्रक्रिया पूरी कराने में हर संभव सहयोग करेगा, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version