फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के बेली बोधनवाला घाट स्थित मोकामे कर्बला कमेटी के अध्यक्ष एवं सचिव के साथ अन्य सदस्यों ने शनिवार सुबह उपायुक्त एवं एसएसपी को एक ज्ञापन सौंप कर धार्मिक स्थल को असामाजिक तत्वों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है. उन्होंने ज्ञापन में बताया है कि कुछ असामाजिक एवं अपराधी किस्म के लोगों द्वारा मोकामे कर्बला जैसे धार्मिक स्थल में आतंक मचाये जाने के कारण लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.कमेटी की ओर से सौंपे गये ज्ञापन में बताया गया है कि बिष्टुपुर बेली बोधनवाला घाट के निकट स्थित मोकामे कर्बला में मोहर्रम के समय शहर के सभी मोहर्रम अखाड़ा जुलूस, ताजिया निकाल कर धार्मिक रीति-रिवाज से समापन करते हैं.
यही नहीं उक्त स्थान पर प्रति दिन बड़ी संख्या में लोग अपनी मुरादें मांगने के लिए पहुंचते हैं जिनमें महिलाएं अधिक होती हैं. उन्होंने बताया है कि उससे कुछ ही दूरी पर पटियाला नाम से एक बियर बार संचालित है. वहां से शराब खरीद कर शराबी कर्बला जानेवाले रास्ते में अपने वाहन खड़े कर खुलेआम शराब एवं कई अन्य प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन करत हैं. यही नहीं, नशे में उधर से गुजरने वाले लोगों, खास कर महिलाओं के साथ आये दिन छेड़छाड़ करते रहते हैं. शराबी अक्सर कर्बला के पास हंगामा करते रहते हैं एवं कर्बला के बंद होने के बाद भी उसकी सीढ़ियों पर बैठ कर शराब पीते हैं. इस स्थिति के कारण उधर से लोगों, खास कर महिलाओं का आना-जाना मुश्किल और असुरक्षित हो जाता है.
उन्होंने बताया है कि विगत 11 जून की रात ग्यारह बजे के करीब 15-20 की संख्या में शराबियों ने कर्बला के गेट के पास काफी हंगामा किया एवं शराब की बोतलें कर्बला परिसर में फेंक दीं. इसकी सूचना मिलने पर कर्बला कमेटी ने अगले दिन बिष्टुपुर थाना को मोबाइल फोन पर उक्त घटना की जानकारी दी. कमेटी इस संबंध में पुलिस को पहले भी सूचित करती रही है एवं केंद्रीय शांति समिति की बैठकों में भी इस मुद्दे को उठाया गया है, किन्तु पुलिस इस मामले में कोई सकारात्मक पहल नहीं कर रही है, जिसके कारण ऐसे आपराधिक तत्वों का आतंक बढ़ता जा रहा है. इस स्थिति के आलोक में कमेटी ने उक्त पदाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए अपने स्तर से इसकी जांच कराकर उचित कार्रवाई करने की गुहार लगाई है, ताकि इन आपराधिक तत्वों के उत्पात से लोगों, विशेष कर कर्बला जाने वाले श्रद्धालुओं को निजात मिल सके.
