सिटी डीएसपी कार्यालय और थाना के पास गोलियां चलने से पुलिस की कार्यशैली पर उठी उंगलियां

फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर अपराधियों ने बुधवार दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी. इस घटना में कन्हैया यादव नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार अपराधी अचानक पहुंचे और कन्हैया यादव पर कई राउंड गोलियां चला दीं.

बताया जा रहा है कि उसे तीन से अधिक गोलियां लगी हैं. फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायल कन्हैया यादव को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सिटी सुधीर चौधरी और गोलमुरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

नामदाबस्ती का रहने वाला है घायल कन्हैया

कन्हैया यादव नामदाबस्ती ए ब्लॉक, रेल लाइन किनारे नियर हनुमान मंदिर का रहने वाला है. वह फल का कारोबारी है. परसुडीह मंडी से वह अपना कारोबार करता है. कन्हैया के पिता पहलवान नाम से जाने जाते थे और टिनप्लेट चौक में फल का ठेला लगाते थे. फिलहाल, दिनदहाड़े गोलमुरी थाना और सिटी डीएसपी के कार्यालय के पास हुई घटना ने पुलिस की लूंजपूंज व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है.

चोरी मामले में भुक्तभोगी महिला लगा रही थाना के चक्कर

गोलमुरी थाना पुलिस की कार्यशैली का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि थाना में लोगों की शिकायत नहीं सुनी जाती. नामदाबस्ती चंचल सिंह बगान की रहने वाली सभ्या कुमारी के घर से पिछले दिनों 30 ग्राम सोना की चोरी हो गई थी. घटना के बाद से महिला की नौकरानी गायब है. भुक्तभोगी महिला नौकरानी पर संदेह जताते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराने के लिए चक्कर लगा रही है, लेकिन उसकी कोई सुनने वाला नहीं है. उसे बस भागदौड़ कराई जा रही है. ऐसे में अपराधियों का मन बढ़ना लाजमी है?

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version