औसत वेतन 31.40 लाख रुपये, 145 कंपनियों ने कैंपस में लिया हिस्सा
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
एक्सएलआरआइ जमशेदपुर और एक्सएलआरआइ दिल्ली-एनसीआर ने अपने दो वर्षीय पीजीडीएम (बिजनेस मैनेजमेंट) और पीजीडीएम (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट) प्रोग्राम के 2024-26 बैच के लिए फाइनल प्लेसमेंट प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. इस बैच के 576 छात्रों को 145 विभिन्न कंपनियों से कुल 578 ऑफर्स मिले, जिसमें 576 घरेलू और 2 अंतरराष्ट्रीय ऑफर्स शामिल हैं. खास बात यह रही कि 25 कंपनियां पहली बार एक्सएलआरआइ के साथ जुड़ीं, जो संस्थान की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है. प्लेसमेंट के दौरान छात्रों की क्षमता का प्रमाण देखते हुए 42.5 प्रतिशत छात्रों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर्स (पीपीओ) मिले, जो उनके समर इंटर्नशिप प्रदर्शन पर आधारित थे.
हम तैयार करते हैं एथिकल लीडर, जिसे कॉर्पोरेट सेक्टर भी तव्वजो देते हैं : डायरेक्टर
एक्सएलआरआइ के डायरेक्टर फादर एस. जॉर्ज ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “हमारे छात्रों को नैतिक नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करना हमें गर्व की अनुभूति कराता है, जो कॉर्पोरेट जगत में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाने के लिए तैयार हैं. कहा कि आज के चुनौतीपूर्ण जॉब मार्केट में यह प्लेसमेंट सफलता हमारे लिए गर्व का विषय है. यह कॉर्पोरेट क्षेत्र से मिली मान्यता है कि हमारा मैनेजमेंट प्रोग्राम छात्रों को करियर के लिए कितना तैयार करता है और वे बदलते बिजनेस माहौल में कंपनियों का नेतृत्व कैसे कर सकते हैं. हमारे फैकल्टी सदस्यों की समर्पित मेंटरिंग ने छात्रों को बेहतर प्लेसमेंट हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. हम एथिकल कॉर्पोरेट लीडर तैयार करते हैं, जिसे पूरी दुनिया के कॉरपोरेट सेक्टर तव्वजो देते हैं.
वेतन पैकेज में हुई शानदार वृद्धि
इस प्लेसमेंट सीजन में ऑफर किए गए वेतन पैकेज ने एक्सएलआरआइ की मजबूत स्थिति को और मजबूत किया. बैच का मीडियन वेतन 29 लाख रुपये प्रति वर्ष रहा, जबकि टॉप 10 प्रतिशत छात्रों का औसत वेतन 49.2 लाख रुपये और टॉप 25 प्रतिशत का औसत 44.18 लाख रुपये प्रति वर्ष रहा. पूरे बैच का औसत वेतन 31.40 लाख रुपये प्रति वर्ष दर्ज किया गया. सबसे ऊंचा अंतरराष्ट्रीय ऑफर 1.10 करोड़ रुपये का था, जबकि घरेलू स्तर पर सबसे ऊंचा ऑफर 59 लाख रुपये प्रति वर्ष का मिला. ये आंकड़े संस्थान के छात्रों की उच्च गुणवत्ता और बाजार में उनकी मांग को प्रदर्शित करते हैं.
वेतन के प्रमुख आंकड़े
– औसत पैकेज 31.40 लाख पहुंचा. इस वर्ष प्लेसमेंट में छात्रों को मिलने वाले वेतन में जबरदस्त उछाल देखा गया.
– औसत वेतन 31.40 लाख प्रति वर्ष
– मध्यम वेतन (मेडियन सीटीसी ): 29 लाख प्रति वर्ष.
– सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय पैकेज: 1.10 करोड़ प्रति वर्ष
– सर्वाधिक घरेलू पैकेज: 59 लाख प्रति वर्ष
– टॉप 10% छात्र: औसत 49.2 लाख का पैकेज हासिल करने में सफल रहे.
प्लेसमेंट की मुख्य विशेषताएं
इस वर्ष की भर्ती प्रक्रिया में 576 छात्रों के बैच ने हिस्सा लिया, जिनके लिए 145 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने शिरकत की.
पीपीओ का दबदबा: लगभग 42.5% छात्रों को उनकी समर इंटर्नशिप के दौरान ही प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) मिल गए थे, जो उद्योग जगत में एक्सएलआरआइ के छात्रों की साख को दर्शाता है.
– नए रिक्रूटर्स: 25 नयी कंपनियों ने पहली बार एक्सएलआरआइ के साथ साझेदारी की, जिनमें जोमैटो हाइपरप्योर, इंडिगो एयरलाइंस और रेजरपे जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल हैं.
कंसल्टिंग का रहा बोलबाला
भर्ती में सबसे बड़ा हिस्सा कंसल्टिंग (36%) क्षेत्र का रहा. इसके बाद बीएफएसआइ (18%), आइटीइएस (15%) और सेल्स एंड मार्केटिंग (12%) का स्थान रहा
प्रमुख क्षेत्र और रिक्रूटर्स
प्लेसमेंट में ऑफर किए गए रोल्स के आधार पर टॉप डोमेन कंसल्टिंग, बैंकिंग-फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस (बीएफएसआई) और सेल्स एंड मार्केटिंग रहे. कुल ऑफर्स में से 36 प्रतिशत कंसल्टिंग क्षेत्र से आए, जबकि बीएफएसआई ने 18 प्रतिशत, सेल्स एंड मार्केटिंग ने 12 प्रतिशत और आईटीईएस ने 15 प्रतिशत रोल्स ऑफर किए. अन्य प्रमुख क्षेत्रों में ई-कॉमर्स, जनरल मैनेजमेंट और एफएमसीजी शामिल रहे. नियमित रिक्रूटर्स में एक्सेंचर स्ट्रैटेजी एंड कंसल्टिंग, एक्सेंचर टेक्नोलॉजी, आदित्य बिरला ग्रुप, अमेजन, अमेरिकन एक्सप्रेस, बजाज ऑटो, बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप, डेलॉइट यूएसआई, ईवाई पार्थेनॉन, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और पीडब्ल्यूसी ने सबसे अधिक ऑफर्स दिए. नए रिक्रूटर्स में एनपैराडाइम, फर्स्टसोर्स, हाइलैब्स, इंडिजीन, इंडिगो एयरलाइंस, नेक्ससेल्स, रेजरपे, सेल्सकोड.एआई, सनश्योर एनर्जी, विक्रम सोलर, वाघ बकरी, वारई और जोमैटो हाइपरप्योर जैसी कंपनियां शामिल हुई.
सेक्टर प्रमुख कंपनियां
कंसल्टिंग : एक्सेंचर स्ट्रेटजी, बीसीजी, बैन एंड कंपनी, मैकिन्से, पीडब्ल्यूसी, डेलॉयट
बैंकिंग एंड फाइनेंस : जेपी मॉर्गन चेस, गोल्डमैन सैक्स, एचएसबीसी, कोटक बैंक, बार्कलेज
एफएमसीजी एंड रिटेल : हिंदुस्तान यूनिलीवर , आईटीसी, नेस्ले, पीएंडजी, लोरियल
टेक और ई-कॉमर्स : अमेजन, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, फ्लिपकार्ट, मीशो, नायका
जनरल मैनेजमेंट : टाटा एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज, आदित्य बिड़ला ग्रुप, रिलायंस
एचआर का मक्का बना रहा एक्सएलआरआइ
मानव संसाधन (एचआर) क्षेत्र में अपनी बादशाहत कायम रखते हुए एक्सएलआरआइ ने एक बार फिर साबित किया कि वह देश का सर्वश्रेष्ठ एचआर संस्थान है. अमेजन, एचयूएल और टाटा स्टील जैसी दिग्गज कंपनियों ने एचआर एनालिटिक्स और चीफ ऑफ स्टाफ जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए छात्रों का चयन किया.


