फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) ने जमशेदपुर में हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड की कड़ी निंदा करते हुए इसे अत्यंत दुखद और निंदनीय घटना बताया है। समिति ने कहा कि किसी भी नागरिक की जान के साथ खिलवाड़ और कानून को अपने हाथ में लेने की प्रवृत्ति किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकती।

सीजीपीसी ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए लापरवाही के आरोप में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ की गई त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई स्वागतयोग्य कदम है। समिति के अनुसार, यह निर्णय कानून के राज को मजबूत करने और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश देता है।

समिति ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और आम लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हो।

सीजीपीसी ने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यह बयान सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी), जमशेदपुर की ओर से जारी किया गया।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version