फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नॉर्दन टाउन स्थित टाटा स्टील यूआईएसएल के पब्लिक हेल्थ सेंटर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां कार्यरत ठेका कर्मी मेघा मुखी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेघा मुखी रोजाना की तरह सुबह करीब 11 बजे ड्यूटी पर पहुंचा था। वह हेल्थ सेंटर में फॉगिंग का काम करता था।
करीब आधे घंटे बाद, यानी लगभग 11:30 बजे, उसका शव हेल्थ सेंटर के गोदाम में फंदे से लटका हुआ पाया गया। सबसे पहले वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना बिष्टुपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद सहकर्मियों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि मेघा मुखी ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस द्वारा परिजनों और सहकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह सामने आ सके।

