फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर के डी.बी.एम.एस. कॉलेज ऑफ एजुकेशन में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं बहुभाषी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया गया. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सोमा बनर्जी (करियर एकेडमी की प्रधानाचार्या) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में वसंती रघुराम ( डी.बी.एम.एस. लिलिपुट स्कूल की प्रेसिडेंट) की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. मंच संचालन का दायित्व श्रुति नाग एवं नंदनी सिंह ने प्रभावशाली एवं सुसंगठित रूप से निभाया.

कार्यक्रम के द्वितीय चरण में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मॉडल प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया जो भारत के विभिन्न भाषाओं से संबंधित था, जिसमें विभिन्न भाषाओं की विशेषताओं, महत्व एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि को रचनात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया. इसके पश्चात प्रथम सत्र की छात्राओं द्वारा मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण वातावरण प्रदान किया.

डी.बी.एम.एस. कॉलेज ऑफ एजुकेशन के उप प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल ने अपने प्रेरणादायक भाषण में मातृभाषा के महत्व, भाषाई विविधता और सांस्कृतिक संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला. विभिन्न भाषाओं को संबोधित करते हुए संक्षिप्त वीडियो प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया.

इसके उपरांत डी.बी.एम.एस. कॉलेज ऑफ एजुकेशन की शिक्षिका श्रीमती अमृता चौधरी के टीम द्वारा प्रस्तुत समूह गीत ने सभी को भावविभोर कर दिया. भारत के विभिन्न मातृभाषाओं में नृत्य प्रस्तुत किया गया. इसके बाद विभिन्न देशों के सांस्कृतिक नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने वैश्विक एकता और “विविधता में एकता” का संदेश दिया. सभी कार्यक्रम डॉ.मिनाक्षी चौधरी के विशेष देख रेख में तैयार किया गया था. मॉडल प्रदर्शन में प्रथम पुरस्कार ओड़िया भाषा समूह , द्वितीय संथाली भाषा समूह एवं तृतीय गुरुमुखी भाषा समूह को दिया गया.

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरण कर सम्मानित किया गया. अंत में बी.एड की छात्रा नंदिनी सिंह के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का सफल एवं गरिमामय समापन हुआ.

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में डी.बी.एम.एस. ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता चंद्रशेखर, कॉलेज की सचिव श्रीप्रिया धर्मराजन, सह सचिव सुधा दिलीप, उप प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल, प्रसाशनिक सचिव सतीश सिंह एवं शिक्षक गण के साथ ही सहायक सहकर्मी ने अपने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. अंत में धन्यवाद ज्ञापन मौमिता मंडल ने किया.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version