सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान, ओवरस्पीडिंग एवं ड्रिंक एंड ड्राइव पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं यातायात प्रबंधन से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के अनुपालन, हिट एंड रन मामलों में त्वरित मुआवजा भुगतान, स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच तथा ओवरस्पीडिंग एवं ड्रिंक एंड ड्राइव पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में अप्रैल माह में हुई 31 सड़क दुर्घटनाओं पर उपायुक्त ने गंभीर चिंता व्यक्त की। इन दुर्घटनाओं में 24 लोगों की मृत्यु तथा 14 लोग घायल हुए हैं। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि लगभग 90 प्रतिशत मामलों में यातायात नियमों की अनदेखी, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना, तेज रफ्तार एवं ड्रिंक एंड ड्राइव दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि आम नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।

उपायुक्त द्वारा राष्ट्रीय एवं राज्य उच्च पथों पर दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान करते हुए आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित विभागों को रंबल स्ट्रिप, रेडियम संकेतक, स्ट्रीट लाईट की मरम्मती, क्रैश बैरियर एवं स्लाइडिंग बैरियर लगाने, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने कहा कि ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद स्कूल वाहनों(वैन-ऑटो) की विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। बिना फिटनेस, बिना परमिट, ओवरलोडिंग अथवा पुराने एवं जर्जर वाहनों को स्कूल परिवहन में उपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उपायुक्त ने परिवहन विभाग एवं ट्रैफिक पुलिस को संयुक्त रूप से ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग एवं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में जागरूकता अभियान संचालित करने को कहा गया।

बैठक में स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों के बीच सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने एवं हेलमेट उपयोग के प्रति विशेष अभियान चलाने पर भी बल दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि युवाओं में यातायात नियमों के प्रति अनुशासन विकसित करना आवश्यक है ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

हिट एंड रन मामलों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सड़क दुर्घटना पीड़ितों के आश्रितों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता में रहे।

बैठक में रूरल एसपी, एसडीएम धालभूम, एएसपी, डीटीओ, एसडीओ धालभूम, एसडीपीओ घाटशिला, डीएसपी मुख्यालय सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन एवं स्कूल वाहन संचालकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version