फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत अकाली छठ घाट के पास गुरुवार सुबह स्वर्णरेखा नदी से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में शव तैरता देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया, जहां फिलहाल शव को सुरक्षित रखा गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को कुछ ऐसे संकेत मिले हैं, जिनके आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवक नदी में तैरने का प्रयास कर रहा था। बताया जा रहा है कि मृतक ने अपने दोनों हाथों में चप्पल पहन रखी थी। इस कारण संभावना व्यक्त की जा रही है कि तैरने के दौरान वह नदी में डूब गया हो, जिससे उसकी मौत हुई हो।
हालांकि, शव की स्थिति को देखकर यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मौत करीब पांच से छह दिन पहले हुई होगी। शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया है।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है। आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी भी खंगाली जा रही है, ताकि शव की पहचान कर घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

