फतेह लाइव, रिपोर्टर.

गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के भाखर गांव के मोड़ पर शनिवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में चार लोग, जिनमें एक महिला भी शामिल थी, गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सभी घायल सड़क किनारे पड़े थे। वहां से गुजर रहे जितेंद्र अग्रवाल और तपस सुई ने तुरंत एक वाहन की व्यवस्था कर घायलों को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया।

अनुमंडल अस्पताल की चिकित्सक डॉ. मीरा मुर्मू और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आर.एन. सोरेन ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बुकाई धीवर और गुरुचरण मुंडा को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया। डॉ. मीरा मुर्मू ने बताया कि बुकाई धीवर के दाहीने पैर में गंभीर चोट है, जबकि गुरुचरण मुंडा के सिर पर गंभीर चोट आई है। दोनों को तत्काल रेफर किया गया है।

घटना के बारे में बुकाई धीवर ने बताया कि वह अपनी पत्नी सारथी धीवर और बच्चे के साथ ठाकुरबारी गांव से बड़ाघाट गांव स्थित अपने घर जा रहा था। तभी सामने से आ रही बाइक, जिस पर गुरुचरण मुंडा और उनकी पत्नी वैशाली मुंडा सवार थे, से सीधी टक्कर हो गई, जिससे चारों घायल हो गए। वैशाली मुंडा ने बताया कि वह अपने पति के साथ जमुआ गांव से गुड़ाबांदा जा रही थी, तभी बुकाई धीवर की बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version