फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी स्थित गायत्री मंदिर के पास बुधवार रात स्थानीय लोगों ने बकरी चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान राजा के रूप में हुई है, जो मानगो के आजादनगर का निवासी बताया जा रहा है। आक्रोशित लोगों ने पहले उसकी कार में तोड़फोड़ की और उसकी पिटाई कर दी, बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बागबेड़ा निवासी रवि की बकरी बुधवार सुबह चोरी हो गई थी। शक के आधार पर उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में दिखा कि सफेद रंग की ब्रीज़ा कार से आए चोरों ने बकरी को ब्रेड खिलाकर अपने पास बुलाया और फिर उसे कार में खींच लिया।
सीसीटीवी में कार का नंबर स्पष्ट होने के बाद पीड़ित और स्थानीय युवक आरोपियों की तलाश में जुट गए। इसी दौरान खासमहाल के पास संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसके बाद युवकों ने उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख कार सवार तीनों लोग भागने लगे, लेकिन गायत्री मंदिर के पास लोगों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि राजा को पकड़ लिया गया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें चार बकरियां बरामद हुईं। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

