फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर में टाटानगर रेलवे स्टेशन से बड़ौदा घाट तक कुल 2.850 किलोमीटर लंबाई के पथ के उन्नयन कार्य के लिए 4 करोड़ 17 लाख 51 हजार 900 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की स्वीकृति पोटका विधायक संजीव सरदार के लगातार प्रयासों का परिणाम है।
यह सड़क टाटानगर रेलवे स्टेशन से जमशेदपुर-हाता मार्ग होते हुए घनी आबादी वाले बागबेड़ा कॉलोनी से गुजरते हुए बड़ौदा घाट को जोड़ता है। वर्तमान में यह सड़क काफी जर्जर स्थिति में है, जिससे रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब इस पथ के उन्नयन एवं राइडिंग क्वालिटी सुधार कार्य से क्षेत्र के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस सड़क के निर्माण के लिए विधायक संजीव सरदार लगातार प्रयासरत थे और उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात की थी। विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका और आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि यह सड़क सिर्फ एक मार्ग नहीं, बल्कि लाखों लोगों की रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ी जीवनरेखा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
