फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत कीताडीह गाड़ीवान पट्टी में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई. जब स्थानीय लोगों ने बच्चा चोरी के संदेह में एक महिला को पकड़ लिया. भीड़ ने महिला को बांस के एक खंभे से बांध दिया और पुलिस को इसकी सूचना दी. घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला एक बच्चे को उठाकर ले जाने का प्रयास कर रही थी, जिसके बाद उसे खदेड़कर पकड़ा गया. लोगों के अनुसार महिला पिछले चार दिनों से क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूमती देखी गई थी. मामले को लेकर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि महिला मानसिक रुप से विछिप्त है और क्षेत्र में मांगकर गुजारा करती है. बच्चा चोरी के संदेह में स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया. फिलहाल पुलिस उसके परिजनों के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रही है.

