सूर्य मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य समापन, रघुवर दास ने विजेताओं को किया सम्मानित
फतेह लाइव, रिपोर्टर।
जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के फाइनल में प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

समापन समारोह में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह और अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता के फाइनल में 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। नन्हे बाल गोपाल और राधा रानी के मनमोहक रूप ने लोगों का दिल जीत लिया। वहीं सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में 8 फाइनलिस्ट टीमों ने सामाजिक एवं पर्यावरणीय संदेशों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं।
बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता में युवांश कुमार प्रथम, स्वतिदिता दास द्वितीय और अनुष्का झा तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को क्रमशः 7 हजार, 5 हजार और 3 हजार रुपये तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। पांच अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार मिला।
सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में आरबीडी क्रू ने प्रथम, आराध्या रूमा यूनिवर्स ने द्वितीय और संभव ग्रुप ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को क्रमशः 20 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। फाइनल में पहुंची पांच अन्य टीमों को भी नकद प्रोत्साहन राशि देकर उत्साहवर्धन किया गया।
रघुवर दास ने जमशेदपुर सहित झारखंडवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने नन्हे प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए अभिभावकों को भी बच्चों में अच्छे संस्कार देने के लिए बधाई दी।
महोत्सव के दौरान सूर्य मंदिर परिसर आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमगाता रहा। दर्शकों ने ‘जय श्री कृष्ण’ के नारों और तालियों से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में सोनाली चटर्जी, डॉ. रम्यता प्रफुल्ल और अरभ सागर ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में महासचिव अखिलेश चौधरी, अमरजीत सिंह राजा, सुशांत पांडा, शैलेश गुप्ता, शशिकांत सिंह, कृष्णमोहन सिंह, बंटी अग्रवाल, कंचन दत्ता, प्रमोद मिश्रा, मिथिलेश सिंह यादव, देवेंद्र सिंह, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, टुनटुन सिंह, राकेश सिंह, खेमलाल चौधरी, कुलवंत सिंह बंटी, सतीश सिंह समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।



































