झारखंड प्रांतीय सम्मेलन की तृतीय कार्यसमिति की बैठक में पूर्वी सिंहभूम के 49 सदस्य होंगे शामिल
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की तृतीय कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन का 49 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार को देवघर के लिए रवाना हुआ। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला संरक्षक दीपक भालोटिया एवं जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल कर रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल दोपहर 1 बजे पारडीह काली मंदिर से एकत्रित होकर पटमदा मार्ग से देवघर के लिए रवाना हुआ। देवघर में यह बैठक 19 जुलाई को प्रातः 11 बजे जैन मंदिर परिसर (श्री श्याम मंदिर के समीप) में देवघर जिला मारवाड़ी सम्मेलन के आतिथ्य में आयोजित होगी।
बैठक में संगठन के विकास, भावी कार्ययोजना, वर्ष 2025-26 के अंकेक्षित आय-व्यय के अनुमोदन, संविधान संशोधन संबंधी प्रस्तावों, जिला एवं शाखा अध्यक्षों की रिपोर्ट तथा आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। इसके अलावा महामंत्री का प्रतिवेदन, पूर्व प्रांतीय अध्यक्षों का संबोधन, विविध विषयों पर विचार-विमर्श, धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन होगा।
प्रतिनिधिमंडल में दीपक भालोटिया, मुकेश मित्तल, प्रदीप मिश्रा, विमल अग्रवाल, भोला चौधरी, लाला मूनका, अंकुश जावनपुरिया, सुशील रामरायका, श्रीराम सरोज, मुरारी गोयल, संजय शर्मा, बसंत अग्रवाल सहित कुल 49 सदस्य शामिल हैं।
जिला पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि यह कार्यसमिति बैठक संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगी। साथ ही संगठन के सुदृढ़ीकरण, सामाजिक गतिविधियों के विस्तार एवं समाजहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।










