फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत देव नगर में बीते 2 दिसंबर की रात शेखर शांडिल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी राहुल सिंह ने पूर्व में ही कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। पुलिस ने राहुल को 72 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद घटना में शामिल संजय पाल और संतोष कर्मकार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने राहुल की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्तौल को स्क्रैप टाल से बरामद किया वहीं बाइक भी बरामद कर ली गई है।
शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि शेखर की हत्या के बाद राहुल सिंह फरार हो गया था। पुलिस के दबाओ में आकर उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। पूछताछ में राहुल ने बताया कि शेखर के परिवार से उनके परिवार के बीच का विवाद काफी पुराना है। पूर्व में दोनों पक्षों ने थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। घटना से कुछ दिनों पूर्व शेखर उसके घर आया और घर वालों के साथ झड़प करने लगा। उसने बहन को गंदी गालियां दो और बलात्कार करने तक की बात कह डाली।
इस घटना के बाद उसने शेखर की हत्या की योजना बनाई और कसम खाई कि जब तक शेखर की हत्या नहीं कर देता तब तक वह बाल नहीं करवाएगा। इसके बाद उसने शेखर की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसने सिर का मुंडन करवाया था। फिलहाल सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
