फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर गोलमुरी स्थित नीलडीह के जंगलों में नशा करने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की चापड़ से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान जुगसलाई मिल्लतनगर निवासी अब्दुल सोहेल अहमद के रूप में हुई है. वहीं, हमले में घायल युवक अब्दुल सुफियान का एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

घायल अब्दुल सुफियान ने बताया कि रविवार शाम सोहेल अहमद ने उसे फोन कर बाइक लेकर बुलाया था. इसके बाद दोनों नीलडीह पहुंचे, जहां पहले से सोहेल के कुछ परिचित मौजूद थे. इनमें विनीत नामक युवक भी शामिल था. सभी युवक जंगल में बैठकर नशा कर रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया.

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विनीत ने अचानक धारदार हथियार निकालकर सोहेल अहमद के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमला होते देख अब्दुल सुफियान जान बचाने के लिए वहां से भागा, लेकिन हमलावर ने उसका पीछा कर उस पर भी जानलेवा हमला कर दिया. अब्दुल के सिर और पीठ में गंभीर चोटें आईं. बावजूद इसके, वह किसी तरह मौके से निकलकर पैदल ही मेन रोड तक पहुंचा और परिजनों को घटना की सूचना दी.

सूचना मिलने पर परिजन अब्दुल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे. उधर, घटना की जानकारी मिलते ही टेल्को और गोलमुरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम रात में ही नीलडीह जंगल पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया. काफी खोजबीन के बाद जंगल से सोहेल अहमद का शव बरामद किया गया.

पुलिस ने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही हत्या के पीछे के कारणों, घटनाक्रम और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version