फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर में डीबीएमएस. कॉलेज ऑफ एजुकेशन की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई–1 द्वारा एक जुलाई से 7 जुलाई तक वन महोत्सव सप्ताह का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। सप्ताह भर चले विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, हरित जीवनशैली तथा प्लास्टिक मुक्त पृथ्वी के प्रति जागरूक किया गया।

वन महोत्सव सप्ताह के प्रथम दिवस पर महाविद्यालय परिसर में फलदार पौधों का वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। द्वितीय दिवस पर बीएड 2024–2026 बैच के एनएसएस स्वयंसेवकों ने अपने इंटर्नशिप के सरकारी विद्यालयों में पौधारोपण कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।

तृतीय दिवस पर सभी एनएसएस स्वयंसेवकों ने अपने घर, बगीचे अथवा आसपास के वृक्षों एवं पौधों के समक्ष “सेव ट्री, सेव ग्रीन”की शपथ लेकर प्रकृति संरक्षण, वृक्षों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प लिया।

चतुर्थ दिवस पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही स्थानीय समुदाय में जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण तथा प्लास्टिक मुक्त पृथ्वी” बनाने के लिए प्रेरित किया गया। स्वयंसेवकों ने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलवाया।

पंचम दिवस, रविवार को एनएसएस स्वयंसेवकों ने नेचर वॉक का आयोजन किया। इस दौरान पार्कों एवं उद्यानों में भ्रमण कर लोगों को स्वच्छता, हरित पर्यावरण एवं जैव विविधता के संरक्षण का संदेश दिया गया। षष्ठम दिवस पर बाल कल्याण विद्या मंदिर, कदमामें पर्यावरण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रस्तुत किया। सप्तम एवं समापन दिवस पर चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को श्रीमती अंजली गणेशन द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने हेतु प्रेरित किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय की सचिव श्रीप्रिया धर्मराजन, सह-सचिव सुधा दिलीप, प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल, उप-प्राचार्या पामेला घोष दत्ता, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी पूनम कुमारी, बीरेंद्र पांडेय, अंजली गणेशन, महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा एनएसएस स्वयंसेवकों का सराहनीय एवं सकारात्मक सहयोग रहा। सभी के सामूहिक प्रयास, मार्गदर्शन एवं सक्रिय सहभागिता से वन महोत्सव सप्ताह 2026 का सफल एवं प्रेरणादायक आयोजन संपन्न हुआ।

इस अवसर पर एनएसएस यूनिट–1 ने समाज को यह संदेश दिया कि “एक व्यक्ति–एक पौधा” का संकल्प लेकर प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। कार्यक्रम का समापन “पेड़ लगाएँ, हरियाली बढ़ाएँ, पर्यावरण बचाएँ” तथा सेव ट्री, सेव ग्रीन के प्रेरणादायक संदेश के साथ किया गया।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version