फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर में दीपावली के अवसर पर बागबेड़ा कॉलोनी के पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने स्थानीय लोगों को शुद्ध पेयजल की सौगात दी। उन्होंने अपने पंचायत मद से लगभग 7 लाख रुपये की लागत से एक आरओ फिल्टर प्लांट का निर्माण कराया है, जिसे कुंवर सिंह मैदान सामुदायिक भवन के समीप स्थापित किया गया है।
आरओ प्लांट का विधिवत उद्घाटन वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया, जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बताया कि बागबेड़ा क्षेत्र में लंबे समय से शुद्ध पेयजल की समस्या थी। इसे देखते हुए यह योजना शुरू की गई है ताकि आम लोग शुद्ध पानी का लाभ उठा सकें। प्लांट के संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय समिति को दी गई है। सर्वसम्मति से यह तय हुआ कि 20 लीटर पानी के लिए 5 रुपये लिए जाएंगे, जिससे प्लांट के रख-रखाव की व्यवस्था की जाएगी।

ज्ञात हो कि जमशेदपुर प्रखंड में यह पहला आरओ प्लांट है, जिसे पंचायत स्तर पर स्थापित किया गया है। भविष्य में जरूरत के अनुसार अन्य पंचायतों में भी ऐसे प्लांट लगाने की योजना है।

उद्घाटन समारोह में पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उपमुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य कुमुद रंजन सिंह, सीमा पांडेय, समाजसेवी मिथलेश सिंह, विशाल, रमेश सिंह, अखिलेश सिंह, सीनू राव सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version