फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में शनिवार शाम पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रेलवे अस्पताल के पीछे छापेमारी कर जुगसलाई महतो पाड़ा रोड निवासी शेख यासिन उर्फ बबन को दबोचा। आरोपी के पास से करीब दो किलो गांजा बरामद किया गया है।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक इलाके में गांजा की सप्लाई के लिए पहुंचा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक टीम गठित की गई और बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से गांजा बरामद होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी अविनाश कुमार के बयान पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जानी थी।


