जुगसलाई सेवा सदन के पास एक करोड़ की हुई चोरी की घटना का खुलासा, पड़ोस का युवक गिरफ्तार
सीसीटीवी ने भी किया काम, सारा सामान बरामद
फतेह लाइव, रिपोर्टर.
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत एमई स्कूल रोड स्थित सेवा सदन के पास हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने सेवा सदन के पास ही रहने वाले रितिक कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है. बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पूरी घटना की जानकारी दी.
एक फरवरी को हुई थी चोरी
सिटी एसपी ने बताया कि एक फरवरी को सेवा सदन के पास एक घर में चोरी की घटना हुई थी. घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मंगलवार को जुगसलाई थाना में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की. पुलिस ने सबसे पहले आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और डॉग स्क्वाड की मदद ली.
घटनास्थलसे पुलिस को बरामद हुआ आरोपी का जूता
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक जूता बरामद हुआ. डॉग स्क्वाड के श्वान की मदद से उसी जूते के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही. इसके बाद पुलिस ने रितिक कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी गहने बरामद कर लिए हैं.
टहलने गया परिवार और हो गई थी चोरी
बरामद गहनों की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है. सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी सेवा सदन के पास का ही रहने वाला है और उसने मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया. उन्होंने बताया कि एक फरवरी की सुबह पीड़ित परिवार टहलने के लिए घर से बाहर गया हुआ था. इसी दौरान आरोपी घर में घुसा और कीमती गहनों की चोरी कर ली. चोरी के दौरान वह अपना एक जूता घटनास्थल पर ही छोड़ गया, फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है.


