आत्मसमर्पण के बाद पुलिस रिमांड में पूछताछ, घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्टल और खोखा बरामद

फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर में आज़ादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 स्थित सिविलन मस्जिद के पास 1 जून 2026 को हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी ने 22 जून को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा फायर किया हुआ खोखा बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार इस फायरिंग मामले में मुबारक अंसारी, मोहम्मद शफीक, तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा, महताब तथा तनवीर उर्फ समीर को आरोपी बनाया गया है। इससे पहले 13 जून को तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न जिलों में लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी दबाव में मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मुबारक अंसारी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है। उसके विरुद्ध कपाली ओपी (चांडिल) थाना कांड संख्या 218/24 में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

इस कार्रवाई में पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार के नेतृत्व में थाना प्रभारी चंदन कुमार सहित पुलिस अधिकारियों और सशस्त्र बल की टीम शामिल रही।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version