फतेह लाइव, रिपोर्टर.

जमशेदपुर के टेल्को थाना में भाजपा मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, वरिष्ठ नेता पवन अग्रवाल एवं अन्य के संग पुलिस द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के विरोध में भाजपा की ओर से धरना-प्रदर्शन किया गया। डीएसपी सुधीर कुमार के थाना आने के पश्चात उन्हें ज्ञापन सौंपकर घटना में शामिल पुलिस पदाधिकारी पर कार्रवाई करने की मांग की गई।

 

यह भी पढ़े : Saraikela : पूर्व सीएम चंपई सोरेन पहुंचे राजनगर प्रखंड के छोटा सीजूलता, डॉक्टर बी मंडल के परिजनों को मिलकर बांधा ढांढस

डीएसपी सुधीर कुमार ने थाना पर आकर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की बातों को सुना और आश्वासन देते हुए कहा कि कल ही वे इस घटना संदर्भ में जांच प्रतिवेदन रिपोर्ट एसएसपी को सौपेंगे। उसके उपरांत अगर इस संबंध में कोई बात को रखना हो और असंतुष्टि होने पर वरीय पुलिस अधीक्षक से मिलकर आप बातों को रख सकते हैं। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाना के समक्ष धरना-प्रदर्शन को समाप्त किया।

इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा पूर्व जिला अध्यक्ष रामबाबू तिवारी, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, कल्याणी शरण, बबुआ सिंह, संजीव सिन्हा, संजीव सिंह, अनिल मोदी, पप्पू सिंह, कृष्णा शर्मा काली, प्रेम झा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुमार, अमित अग्रवाल, सागर राय, धर्मेंद्र प्रसाद समेत भाजपा के कई वरीय नेतागण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वरीय पुलिस अधीक्षक से भाहपाइयों की ये है मांग, पढ़ें हू ब हू…

विषयः टेल्को थाना के पुलिस कर्मियों के अनुचित व्यवहार के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की माँग।

हम, भारतीय जनता पार्टी के जमशेदपुर महानगर और स्थानीय टेल्को मंडल के कार्यकर्ता, इस पत्र के माध्यम से आपको सूचित करना चाहते हैं कि दिनांक 01 सितंबर 2024, रविवार को टेल्को थाना में तैनात मुंशी अशोक कुमार सिंह, ए. एस. आई नन्दलाल पांडेय, थाना में पदस्थापित सरकारी चालक (नाम ज्ञात नहीं) और मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अत्यधिक अपमानजनक व्यवहार किया गया। थाना प्रभारी से मिलने का समय लेने के उपरांत भाजपा कार्यकर्ता उनसे मिलकर ज्ञापन समर्पित करने पहुँचे थे। थाना प्रभारी की अनुपस्थिति में उक्त पुलिस कर्मियों ने अभद्र व्यवहार किया।

1. अभद्र व्यवहारः जब भाजपा कार्यकर्ता ज्ञापन समर्पित करने थाना पहुंचे, तब उक्त पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, जो कि एक सरकारी कर्मचारी के लिए अशोभनीय है।

2. मोबाइल छीन लेने की घटना: कार्यकर्ताओं का मोबाइल जबरन छीन लिया गया, जो उनकी निजता के अधिकार का स्पष्ट उल्लंघन है।

3. ध्वज का अपमानः भाजपा के ध्वज को फाड़ देने की धमकी दी गई, जो पार्टी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने वाला कार्य है।

उपरोक्त सभी घटनाएं न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं के आत्मसम्मान को ठेस पहुँचाती हैं, बल्कि पुलिस की मर्यादा और अनुशासन के विरुद्ध भी हैं। अतः हम निम्नलिखित माँग करते हैं कि

1. तत्काल निलंबनः टेल्को थाना के मुंशी अशोक कुमार सिंह, ए. एस. आई नन्दलाल पांडेय उनके चालक एवं अन्य पुलिसकर्मियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित किया जाए।

2. विभागीय कार्रवाई: इन पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जाँच और सुसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

3. भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होः संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों।

हमें पूर्ण विश्वास है कि आप शीघ्रता से इस मामले पर संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेंगे, ताकि जनप्रतिनिधियों और आम जनता में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास बना रहे।

Share.
© 2025 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version