फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत टूइलाडुंगरी में शनिवार शाम हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अमरीक सिंह उर्फ रिंकू को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्तौल भी बरामद कर ली है. रविवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि अमरीक अपने साथी सतपाल सिंह के साथ रवि के घर पहुंचा था. जहां उसने पिस्तौल निकालकर रवि और उसके भाई सोनू पर फायरिंग शुरु कर दी.

यह देख सतपाल सिंह डरकर भागने लगा. भागने के क्रम में ही गोली सतपाल को लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था. उन्होंने बताया कि अमरीक पर मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे मामले दर्ज हैं. अमरीक और रवि के बीच का विवाद काफी पुराना है. वहीं बीते कई दिनों से पुलिस अमरीक पर नजर रखी हुई थी. अमरीक को लगा कि रवि ही पुलिस को उसके बारे में सूचना दे रहा है. इन्हीं सब कारणों को लेकर वह रवि को मारने के लिए पहुंचा था.

मामले को लेकर दोनों पक्षों ने दर्ज कराई प्राथमिकी

इधर, मामले को लेकर दोनों पक्षों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. एक पक्ष से रवि खेड़ा के भाई सुलखन सिंह उर्फ सोनू के बयान पर अमरीक सिंह और सतपाल सिंह के खिलाफ गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की करने और फायरिंग करने का आरोप लगाया है. वहीं सतपाल सिंह उर्फ सागर के बयान पर भी पुलिस ने रवि खेड़ा, सोनू और गुरदीप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version