देसी कट्टा, जिंदा गोली, चांदी की पायल और बिछिया, चोरी में प्रयुक्त कटर, हेक्सा ब्लेड समेत कई सामान जब्त

फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

शहर के बिरसानगर और गोलमुरी थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में बिहार के पटना स्थित अशोक राजपथ रोड निवासी विकास कुमार उर्फ विकास साह, सुल्तानगंज का रहने वाला राजू कुमार और मो. इरफान उर्फ बॉबी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक देसी कट्टा, जिंदा गोली, चांदी की पायल और बिछिया, चोरी में प्रयुक्त कटर, हेक्सा ब्लेड समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि 17 सितंबर को गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ऋषभ कुमार के फ्लैट में चोरी की घटना हुई थी। इसके अलावा बिरसानगर थाना क्षेत्र में भी इसी गिरोह ने चोरी की एक वारदात को अंजाम दिया था।

पीड़ितों की शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान हुई, जिसके बाद तीनों को पटना से हिरासत में लेकर जमशेदपुर लाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने न केवल शहर में हुई चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया, बल्कि यह भी कबूला कि वे बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए। आरोपियों ने बताया कि वे किसी नए शहर में पहुंचकर गूगल मैप के जरिए सुनसान और सुरक्षित इलाकों की पहचान करते थे। मौका मिलते ही चोरी कर तुरंत शहर छोड़ देते थे। चोरी से मिले नकद रुपये आपस में बांट लिए जाते थे, जबकि गहनों को नेपाल में बेच दिया जाता था। वहां से मिले पैसों को मौज-मस्ती में खर्च कर दिया जाता था। इस मामले में पुलिस ने गोलमुरी थाना में अलग से आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version