फतेह लाइव, रिपोर्टर. 

जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. साकची स्थित सागर होटल के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे शराब दुकान में जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दुकान के सामने लगा ढांचा भी टूट गया. हादसे के वक्त दुकान बंद थी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया.

इस दुर्घटना में कार सवार चार लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों की सूचना पर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए टीएमएच भेजा गया. बताया जा रहा है कि घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है.

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है. जांच के दौरान कार के अंदर से शराब की कई बोतलें बरामद की गई हैं, जिसके बाद यह आशंका जताई जा रही है कि चालक समेत कार सवार लोग शराब के नशे में थे. हालांकि, इसकी पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.

जानकारी के अनुसार यह घटना गुरुवार सुबह करीब चार बजे की है. हादसे के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके.

Share.
© 2026 (ਫਤਿਹ ਲਾਈਵ) FatehLive.com. Designed by Forever Infotech.
Exit mobile version